सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में संदापानी स्कूल, बोलेगांव में विकास आधारित नाटक का मंचन किया गया।

प्रशासन के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में नूतन कला निकेतन संस्था के कला पथक दल ने प्रभावी नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के विभिन्न पहलुओं तथा उनके नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों को प्रस्तुत किया।नाटक के माध्यम से कलाकारों ने देश में हो रहे विभिन्न क्षेत्रों के बदलाव और विकास को प्रभावी अभिनय के जरिए विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों तक पहुंचाया।

प्रस्तुति में कोविड-19 महामारी के दौरान किए गए प्रयासों और टीकाकरण, यूपीआई डिजिटल भुगतान व्यवस्था, जन-धन खातों, जम्मू-कश्मीर से संबंधित संवैधानिक बदलाव तथा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण सहित विभिन्न विषयों को नाट्य रूप में प्रस्तुत किया गया।कलाकारों ने अभिनय के माध्यम से यह संदेश भी दिया कि देश के विकास में सरकार के प्रयासों के साथ प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।

नाटक के दौरान विद्यार्थियों ने देश में तेजी से हो रहे तकनीकी, सामाजिक एवं आर्थिक बदलावों तथा वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका से संबंधित विषयों को समझा।कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक श्री संतोष नगपुरे, श्री बेनीराम गुरडे, संदापानी स्कूल के प्राचार्य श्री अशोक घरते, परामर्शदाता श्रीमती ज्योति शकरपुडे, प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष श्री तुलसीराम उइके सहित गांव के गणमान्य नागरिक, विद्यालय का स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के विकास में नागरिकों की भूमिका और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की।