मैहर, 01 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अमरपाटन विकासखंड एवं नगरीय क्षेत्र के समस्त 284 आंगनवाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों, महिलाओं एवं समुदाय को आंगनवाड़ी केंद्रों से जोड़ते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया गया।अभियान के तहत ग्राम बारी, मुकुंदपुर, कठहा, मौहारीकटरा, धौरहरा, रामगढ़, जरमोहरा, गड़ौली, कसेई सहित ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए मनोरंजनात्मक गतिविधियां एवं खेलकूद आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में श्रीमती शकुंतला सिंह, श्री लक्ष्मण प्रसाद साकेत, श्रीमती सुनीता पटेल, श्रीमती उपमा तिवारी, श्रीमती श्याम कली साकेत, श्री राज बहादुर सिंह उपस्थित रहे। वहीं लाभार्थी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए योजनाओं से मिले लाभ तथा अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के बारे में जानकारी दी।
विकासखंड अमरपाटन के ग्राम बारी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तारा पटेल एवं श्रीमती जयंती तिवारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पर्यवेक्षक श्रीमती अर्चना सिंह उपस्थित रहीं। इस अवसर पर आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया गया तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना की बेटियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इसी क्रम में अमरपाटन नगरीय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-4 एवं ग्राम रूहिया सहित अन्य आंगनवाड़ी केंद्रों में भी आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित हुए। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, लाभार्थियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता रही।
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से महिला एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने, हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के प्रति समुदाय की सहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया गया। बच्चों की खेल एवं मनोरंजनात्मक गतिविधियों और महिलाओं के अनुभव साझा करने से कार्यक्रमों में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा।


