मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत सीहोर जिले से “ वाराणसी-गया ” तीर्थ यात्रा का आयोजन 29 सितंबर 2026 से 04 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। यात्रा के लिए सीहोर रेलवे स्टेशन को बोर्डिंग स्टेशन निर्धारित किया गया है। तीर्थ यात्रियों के साथ यात्रा के दौरान समन्वय एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तीन कर्मचारियों को अनुरक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। इनमें श्रीमती माया मेहरे, सहायक वर्ग- 03 ( अनुरक्षक), जनपद पंचायत इछावर; श्री अंजन सिंह चौहान, सहायक वर्ग- 02 ( अनुरक्षक), नगर परिषद रेहटी तथा श्री मनोज कुमार पासी, सहायक राजस्व उपनिरीक्षक (अनुरक्षक), नगर परिषद भैरूंदा शामिल हैं।

अनुरक्षक यात्रा के दौरान आईआरसीटीसी द्वारा उपलब्ध कराई गई समस्त व्यवस्थाओं, जैसे भोजन, नाश्ता, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय की स्थिति तथा तीर्थ स्थलों पर यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था आदि का निरीक्षण करेंगे। साथ ही यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत आयोजित इस यात्रा में तीर्थ यात्रियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराते हुए यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें।