कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के भूतल स्थित सभा कक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्राम बेरखेड़ी निवासी श्री निखिल शर्मा ने अपनी भूमि सर्वे क्रमांक 445/2 का रास्ता खुलवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।

कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित तहसीलदार को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई कर रास्ता खुलवाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम लखनगार की आदिवासी आवेदिका श्रीमती मुन्नी बाई ने भूमि के खसरे में दर्ज अन्य व्यक्ति का नाम हटवाने के संबंध में आवेदन दिया। इस प्रकरण में रिकॉर्ड दुरुस्तीकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

विदिशा नगर के वार्ड क्रमांक-1 निवासी सुमित्रा बाई ने अधिक बिजली बिल आने की शिकायत दर्ज कराई। कलेक्टर ने शिकायत को संज्ञान में लेते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विदिशा नगर के हरिपुरा निवासी श्री कैलाश सेन एवं श्री बृजेश कुशवाहा ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों से होने वाले खर्चों को देखते हुए रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आवेदन प्रस्तुत किया।

इसके अलावा ग्राम सबदलपुर के श्री कुंदन सिंह ने पट्टे की भूमि को राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराने, ग्राम सेमरा निवासी आदिवासी आवेदिका श्रीमती सुंदरबाई ने अपनी जमीन वापस दिलाने तथा विदिशा नगर के शास्त्री नगर क्षेत्र के रहवासियों ने मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर निर्माण कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए। सभी आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

जनसुनवाई के दौरान जिला मुख्यालय पर कुल 204 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 100 से अधिक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष लंबित आवेदनों के समय-सीमा में निराकरण के लिए संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई जारी है। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को समय पर लाभ मिल सके।