आयुक्त, एमएसएमई, श्री कुमार पुरुषोत्तम द्वारा आज विकसित हो रहे नवीन औद्योगिक क्षेत्र अगरिया छापर, जिला भोपाल का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र में विकसित की जा रही मूलभूत अधोसंरचना एवं विकास कार्यों की प्रगति का स्थल निरीक्षण, कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता की समीक्षा तथा भावी औद्योगिक इकाइयों के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।
निरीक्षण के दौरान जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, भोपाल तथा लघु उद्योग निगम के अधिकारियों द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों, वर्तमान भौतिक प्रगति, उपलब्ध सुविधाओं तथा आगामी कार्ययोजना के संबंध में आयुक्त महोदय को विस्तार से अवगत कराया गया।
आयुक्त द्वारा स्थल पर चल रहे कार्यों का अवलोकन करते हुए औद्योगिक क्षेत्र के समुचित एवं समयबद्ध विकास, अधोसंरचना कार्यों की गुणवत्ता तथा उद्यमियों के लिए आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ विकसित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
नवीन औद्योगिक क्षेत्र अगरिया छापर के विकसित होने से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने तथा नए निवेश एवं रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।



