सेवा संकल्प अभियान के तहत सिवनी जिले के 356 आंगनवाड़ी केंद्रों में हुआ आयोजन ------
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में 26सितंबर 2026 को "मेरी आंगनवाड़ी मेरी जिम्मेदारी"थीम पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के प्रथम दिन शनिवार को सिवनी जिले में 356 आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी केंद्रों पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बच्चों, महिलाओं और समुदाय की सहभागिता के साथ विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों एवं समुदाय से और अधिक जोड़ना तथा पोषण, स्वच्छता, बाल विकास एवं जनभागीदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों में मुनगा के पौधों का रोपण किया गया और स्वच्छता अभियान चलाया गया। केंद्र परिसर की साफ-सफाई के साथ बच्चों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में तीन वर्ष की आयु के बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान बच्चों के प्रारंभिक विकास, सीखने की क्षमता तथा खेल-आधारित गतिविधियों पर विशेष जोर दिया गया।
आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री के संदेश का वाचन किया गया। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन एवं सेवाओं में सहयोग देने वाली आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित लोगों ने आंगनवाड़ी सेवाओं को बेहतर बनाने और बच्चों के समग्र विकास में समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
इन आयोजनों के माध्यम से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, प्रारंभिक शिक्षा एवं विकास से जुड़ी सेवाओं के प्रति समुदाय की सहभागिता को और मजबूत किया जाएगा।






