सिवनी में सरकारी योजनाओं के तहत ऋण का इंतजार कर रहे पात्र आवेदकों के प्रकरण अब तेजी से निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर नेहा मीना ने जिला स्तरीय बैंकर्स सलाहकार समिति की बैठक में बैंकों और संबंधित विभागों से कहा कि अनावश्यक रूप से लंबित मामलों में शीघ्र स्वीकृति और वितरण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में बैंकवार सीडी रेशो, एनपीए, आरआरसी वसूली और किसान क्रेडिट कार्ड वितरण की समीक्षा हुई। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विभाग और बैंक आपसी समन्वय से काम करें, ताकि पात्र हितग्राहियों को तय समय में योजनाओं का लाभ मिल सके।

महिला समूहों के ऋण के लिए लगेंगे शिविर

स्व-सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज मामलों में तेजी लाने के लिए आजीविका मिशन को बैंकों के सहयोग से शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। समूह की महिलाओं के व्यक्तिगत ऋण प्रकरणों में जरूरी दस्तावेज पूरे कराने और बैंक स्तर पर उनकी शीघ्र जांच करने को कहा गया।

पीएमएफएमई और मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के लंबित ऋण प्रकरण भी प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए गए। विभागों से लक्ष्य के अनुरूप अधिक पात्र प्रकरण बैंकों तक पहुंचाने और बैंकों से उनकी समयबद्ध स्वीकृति तथा राशि वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया।

किसान, पशुपालक और छोटे कारोबार भी समीक्षा में

किसान क्रेडिट कार्ड के साथ पशुपालकों, मत्स्यपालकों और बकरी इकाई योजना से जुड़े ऋण मामलों की स्थिति देखी गई। पशुपालन विभाग को हितग्राहियों का मार्गदर्शन करने और सांची के साथ समन्वय कर पशुपालकों की आय बढ़ाने की दिशा में काम करने के निर्देश मिले। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के लंबित प्रकरणों को भी शीघ्र निपटाने को कहा गया।

भगवान बिरसा मुंडा योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, संत रविदास योजना तथा अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग की उद्यम और स्वरोजगार योजनाओं में लक्ष्य के अनुसार ऋण स्वीकृति पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री स्वनिधि के पात्र आवेदकों के प्रकरण तैयार करने के लिए शिविर लगाने और भेजे गए मामलों पर बैंकों से त्वरित कार्रवाई कराने के निर्देश भी दिए गए।

एटीएम केंद्रों पर सुरक्षा और रोशनी की व्यवस्था

कलेक्टर ने एटीएम केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था रखने को भी कहा। बैठक में रिजर्व बैंक, नाबार्ड, जिला विभागों और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। नाबार्ड के अधिकारियों ने जिले में संभावित गतिविधियों सहित अपनी योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की।