महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत परियोजना बालाघाट ग्रामीण के ग्राम लोहारा में सोमवार 05 अक्टू बर को राष्ट्रीय पोषण माह एवं ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय को आंगनवाड़ी केंद्रों से जोड़ने के साथ बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम की मुख्य थीम “समुदाय की भागीदारी, आंगनवाड़ी से जुड़ाव और बचपन की मजबूत बुनियाद” रही। इस दौरान बच्चों के जीवन के प्रथम 1,000 दिनों की देखभाल, संतुलित पोषण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री के संदेश के वाचन के साथ हुई। इसमें स्वस्थ, सुपोषित एवं कुपोषण मुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में चिन्हित गंभीर कुपोषित (SAM) बच्चों को विशेष पोषण किट वितरित की गईं। अधिकारियों ने बताया कि बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए ऐसे बच्चों की नियमित निगरानी एवं आवश्यक पोषण सहयोग उपलब्ध कराया जाना महत्वपूर्ण है। अभिभावकों को भी बच्चों के खान-पान एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। इस दौरान परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ पोषण एवं स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों से लगाए गए पौधों की देखभाल एवं संरक्षण की अपील की गई।

आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान

कार्यक्रम में समुदाय और शासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं को उनके समर्पित कार्य एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों एवं माताओं तक पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में मैदानी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।कार्यक्रम में पूर्व मंत्री श्री राम किशोर कावरे, जनपद पंचायत अध्यक्ष फूल चंद सहारे, स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास समिति सभापति दीक्षा मेश्राम, जिला पंचायत सदस्य अर्चना माहुले, जनपद सदस्य रंजना वैद्य, जनपद पंचायत सीईओ फिरदौस अख्तर, परियोजना अधिकारी शैलेंद्र कुमार चौकसे सहित विभागीय अधिकारी, सेक्टर पर्यवेक्षक मोहिनी मिश्रा, पुस्तकाला मेश्राम, कविता सुलाखे, दीपिका चौहान एवं अनामिका जैन, आंगनवाड़ी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण संवर्धन तथा कुपोषण की रोकथाम के लिए सामूहिक दायित्व निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से समुदाय को आंगनवाड़ी केंद्रों से जोड़ते हुए बच्चों के स्वस्थ एवं समग्र विकास में जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया।