सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘अनकही कहानी’ कार्यक्रम में आचार्य नरेन्द्र देव महाविद्यालय कैलारस के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय एवं संवादों के माध्यम से पेड़-पौधों की रक्षा करने और नशे से दूर रहने के लिए आमजन को जागरूक किया। नुक्कड़ नाटक में विद्यार्थियों ने बताया कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, प्रदूषण कम करने और जीवनदायिनी ऑक्सीजन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने तथा अनावश्यक वृक्षों की कटाई रोकने की अपील की। कोरोना काल का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों ने बताया कि ऑक्सीजन की आवश्यकता ने प्रकृति और वृक्षों के महत्व का अहसास कराया। विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। नशे के कारण आर्थिक परेशानियां, पारिवारिक विवाद और सामाजिक समस्याएं बढ़ती हैं। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार सिंह राठौड़ ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना भी है। पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं, उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनाना भी हमारी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक पौधे लगाने और नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि पेड़ बचेंगे तो पर्यावरण बचेगा और नशे से दूरी होगी तो परिवार एवं समाज सुरक्षित रहेगा।